Updated on: 19 November, 2026 01:33 PM IST | Mumbai
Bespoke Stories Studio
काली खेती रिव्यू: जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की दमदार एक्टिंग के साथ एक नया हॉरर अनुभव।
Kaali Kheti.
फिल्म: काली खेती Kaali Kheti
निर्देशक: हारिस इम्तियाज खान
कलाकार: जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सरगम, शाजी चौधरी, वीरेंद्र सक्सेना और स्पंदन
अवधि: 1 घंटा 49 मिनट
कहां देखें: सिनेमाघरों में
रेटिंग: 4/5
किसी फिल्म को अच्छा बनाने के लिए हमेशा बड़े बजट, बड़े सितारों या भारी-भरकम कहानी की जरूरत नहीं होती। कई बार एक नया आइडिया और उसे पर्दे पर दिखाने का सही तरीका ही काफी होता है। `काली खेती` देखते हुए कुछ ऐसा ही महसूस होता है। यह फिल्म हॉरर जॉनर में एक अलग कहानी लेकर आई है और सबसे अच्छी बात यह है कि इसे देखकर आपको किसी दूसरी बॉलीवुड हॉरर फिल्म की याद नहीं आती। गांव की पृष्ठभूमि में बुनी गई इस कहानी में डर भी है, सस्पेंस भी और कई ऐसे पल भी हैं, जो आपको सोचने पर मजबूर करते हैं।
फिल्म की शुरुआत रोहित (शरद केलकर) और उसके परिवार से होती है। रोहित अपनी पत्नी राधा (नेहा सरगम) और बेटे राजू (स्पंदन) के साथ गांव में रहता है। वह अपने पिता किशन (जैकी श्रॉफ) को भी वहां बुलाता है। लेकिन किशन के गांव पहुंचने के बाद कुछ ऐसी बातें सामने आने लगती हैं, जो इस जगह को लेकर सवाल खड़े करती हैं। रोहित की नई खेती को लेकर बातें कहानी में एक अलग ही रहस्य पैदा करती हैं। आखिर यह नई खेती क्या है और गांव में ऐसा क्या हो रहा है? फिल्म इसी उत्सुकता को बनाए रखती है।
मुझे फिल्म की सबसे अच्छी बात इसका कॉन्सेप्ट लगा। हॉरर को ग्रामीण परिवेश में दिखाने का तरीका काफी फ्रेश है। कहानी हर वक्त डराने की कोशिश नहीं करती, बल्कि कई बार माहौल और किरदारों के व्यवहार से ही बेचैनी पैदा करती है। हालांकि, कुछ जगहों पर कहानी थोड़ी धीमी जरूर होती है, लेकिन इसका रहस्य दर्शकों को आगे देखने के लिए प्रेरित करता है।
अब आते हैं एक्टिंग पर, जैकी श्रॉफ ने इस फिल्म में शानदार काम किया है। उनका किरदार कई तरह के इमोशन्स से गुजरता है और वह हर पहलू को बखूबी निभाते हैं। खास बात यह है कि उनका किरदार सिर्फ मजबूत नहीं, बल्कि काफी वल्नरेबल भी है। जैकी की स्क्रीन प्रेजेंस फिल्म को एक अलग मजबूती देती है।
शरद केलकर ने भी अपने किरदार को बहुत अच्छे से निभाया है। उनका शांत और कंट्रोल्ड अंदाज कहानी के सस्पेंस के साथ फिट बैठता है। नेहा सरगम ने राधा के किरदार में अच्छी परफॉर्मेंस दी है। शाजी चौधरी और वीरेंद्र सक्सेना भी अपनी भूमिकाओं में प्रभावी हैं। वहीं, स्पंदन ने अपने किरदार को काफी सहजता से निभाया है।
फिल्म का एक और मजबूत पक्ष इसका डायरेक्शन है। हारिस इम्तियाज खान महज 25 साल के हैं और यह उनकी पहली फिल्म है। इतनी कम उम्र में निर्देशन के साथ स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स संभालना आसान नहीं होता। लेकिन फिल्म देखकर लगता है कि हारिस ने इस प्रोजेक्ट पर काफी मेहनत की है। उन्होंने हॉरर को एक अलग तरीके से पेश करने की कोशिश की है और इसमें काफी हद तक सफल भी रहे हैं। यह डेब्यू उन्हें एक ऐसे डायरेक्टर के रूप में सामने लाता है, जिनसे आगे अच्छी उम्मीदें की जा सकती हैं।
तकनीकी तौर पर भी फिल्म अच्छी है। सिनेमैटोग्राफी गांव के माहौल को खूबसूरती से दिखाती है। बैकग्राउंड म्यूजिक और साउंड डिजाइन कई सीन्स में डर का असर बढ़ाते हैं। वीएफएक्स का काम भी फिल्म के बजट को देखते हुए अच्छा है। हालांकि, एडिटिंग थोड़ी और बेहतर हो सकती थी। कुछ सीन्स को छोटा किया जाता तो फिल्म का फ्लो और अच्छा रहता। हम फिल्म को 5 में से 4 स्टार देते हैं।
फाइनल वर्डिक्ट: `काली खेती` एक ऐसी फिल्म है, जो हॉरर के नाम पर कुछ नया देने की कोशिश करती है। जैकी श्रॉफ की शानदार एक्टिंग, शरद केलकर का अच्छा साथ और हारिस इम्तियाज खान का कॉन्फिडेंट डेब्यू इसकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। कुछ छोटी कमियों के बावजूद फिल्म एक अच्छा थिएट्रिकल एक्सपीरियंस देती है। अगर आप हॉरर फिल्मों के शौकीन हैं और कुछ अलग देखना चाहते हैं, तो इसे जरूर देख सकते हैं।
ADVERTISEMENT